Montha Weather Alert : तूफान के असर से मौसम में बड़ा बदलाव आंध्र प्रदेश-ओड़िशा सहित देश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार तक IMD ने दे नई चेतावनी
![]() |
| मौसम ने बदला देश का मिजाज |
IMD Alert: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ और अरब सागर में सक्रिय गहरे दबाव क्षेत्र ने दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक के मौसम में बड़ा बदलाव ला दिया है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ और अरब सागर में बने गहरे दबाव क्षेत्र ने देशभर के मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक देश के कई राज्यों में लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है। चक्रवात के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर भारत में भी मौसम ने करवट ले ली है — छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर तक इसका असर देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में आज फिर बरसेंगे बादल
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार (28 अक्टूबर 2025) को ठंडी हवाओं के साथ मौसम में ठंडक बनी रहेगी। सोमवार को दिनभर धूप न निकलने के बाद आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
यूपी में मोंथा का असर, कई जिलों में बरसात जारी
चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राज्य के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे रात का तापमान भी गिर गया। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मोंथा तूफान के चलते प्रदेश में मौसम तेजी से परिवर्तित हो रहा है। IMD के अनुसार, आज पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं, 29 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में मौसम के साफ रहने के आसार हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर बादल गरजने और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। 30 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में छिटपुट वर्षा और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में मोंथा का असर, कई जिलों में झमाझम बारिश जारी
मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अरब सागर से बने डिप्रेशन के प्रभाव से कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। सोमवार को 10 से अधिक जिलों में वर्षा दर्ज की गई। श्योपुर में 9 घंटे के भीतर 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई, जबकि दतिया में करीब 1 इंच बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने 28 से 30 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और आंधी के साथ वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में भी मौसम का मिजाज बदला, भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘मोंथा’ अब राज्य की ओर बढ़ रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस हफ्ते कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंडक बढ़ सकती है।
